श्रीनगर। रमजान के पवित्र महीने में प्रशासन जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री के 60 हजार पैकेट बांटेगा। इसकी तैयारी जोरशोर से चल रही है। इन पैकेट को रमजान के पहले दिन बांटा जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि इस पवित्र इबादत के महीने में कोई भूखा न रहे। ये पैकेट जरूरतमंदों के घरों तक पहुंचाए जाएंगे।
इसके लिए प्रशासन ने आर्थिक तौर पर कमजोर लोगों की सूची तैयार की है। श्रीनगर के जिला उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने कहा कि रमजान को लेकर प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बुनियादी सुविधा बिजली, पानी आदि निर्विघ्न मिलेंगी। वीरवार तक मुफ्त राशन की डिलीवरी खत्म होगी और शुक्रवार को खाद्य सामग्री के पैकेट की होम डिलीवरी शुरू करेंगे। प्रशासन के अनुसार एक पैकेट में 5 किलो चावल, 2 किलो आटा, 1 किलो चीनी के अलावा मिर्ची, हल्दी, चाय और तेल शामिल हैं।