शोपियां में सोमवार को आतंकियों ने एक और सरपंच को गोली मार दी। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सरपंच की पहचान शिराज अहमद भट के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सरपंच शिराज अहमद भट ने सोमवार को ही पीडीपी का दामन थामा था।
उल्लेखनीय है कि रविवार को भी आतंकियों ने शोपियां में नेशनल कांफ्रेंस का समर्थन करने वाले सरपंच मोहम्मद सुल्तान भट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लगातार दूसरे दिन आतंकियों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद इलाके में दहशत है।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में ही आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने पोस्टर चिपकाकर लोगों को चुनावी प्रक्रिया से दूर रहने अथवा अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। हिजबुल की धमकी के बाद आतंकी तीन वारदात को अंजाम दे चुके हैं।