कश्मीरी पंडितों और गैर स्थानीय लोगों पर कश्मीर में हो रहे हमले को लेकर आज कोई बड़ा फैसला हो सकता है। शुक्रवार को आतंकी हमलों और घाटी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बड़ी बैठक बुलाई है। टारगेट किलिंग से बिगड़ रहे हालात को संभालने के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है। इससे पहले गुरुवार को हालात के मद्देनजर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बात की है।
दिल्ली में आज होने वाली बैठक में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारी शामिल होंगे। जम्मू कश्मीर के हालात को लेकर पिछले 15 दिनों के अंदर ये दूसरी बैठक होने जा रही है।
बैठक में कश्मीर में हो रही हत्याएं से लेकर जून के अंत में शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा होगी। पिछली बैठक के दौरान गृहमंत्री ने आतंकवाद रोधी अभियानों पर विशेष जोर दिया था। आतंकियों ने पिछले 22 दिनों में 8 टारगेट किलिंग को अंजाम देकर घाटी में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। माना जा रहा है कि टारगेट किलिंग को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से कोई बड़ा फैसला आ सकता है।