सेना की राइजिंग स्टार कोर में पुलिस, प्रशासन, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसियों के उच्च अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा एवं अन्य इंतजाम पर बात हुई। यात्रा के दौरान स्टिकी बम, खराब मौसम की चुनौती और सीमा पार से आतंकी साजिशों को लेकर भी चर्चा की गई।
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर बुधवार को सेना और पुलिस ने मिलकर सुरक्षा बंदोबस्त पर मंथन किया। कहा गया कि आतंकी साजिशों से निपटने के लिए एजेंसियां मिलने वाले इनपुट को तत्काल साझा करें।
विज्ञापन
सेना की राइजिंग स्टार कोर में पुलिस, प्रशासन, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसियों के उच्च अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा एवं अन्य इंतजाम पर बात हुई। यात्रा के दौरान स्टिकी बम, खराब मौसम की चुनौती और सीमा पार से आतंकी साजिशों को लेकर भी चर्चा की गई। बीएसएफ की ओर से बॉर्डर पर किए गए बंदोबस्त की जानकारी दी गई। जोर देकर कहा गया कि सभी एजेंसियां आपस में तालमेल बनाकर काम करेंगी और यात्रा की सुरक्षा को सुनिश्चित करेंगी।
सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जाने वाले हथियार और गोला बारूद के बारे में भी चर्चा की गई कि इस तरह की साजिशों को नाकाम करने के लिए मिलकर काम किया जाए जाना चाहिए। यह भी कहा गया कि यात्रा के प्रबंधों को लेकर मिलने वाले इनपुट को आपस में तत्काल साझा करें। इस दौरान जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एडीजीपी मुकेश सिंह, मंडलायुक्त रमेश कुमार, उपायुक्त सांबा के अलावा बीएसएफ, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
डॉग स्क्वायड ने किया आधार शिविर का निरीक्षण
जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बुधवार को पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ भगवती नगर आधार शिविर के भीतर और इसके आसपास के इलाके में डाग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाया। वहीं पुलिस ने भी 24 घंटे आसपास के क्षेत्रों में गश्त शुरू कर दी है। सीआईडी के जवानों को इलाके में पल पल की जानकारी लेने और नजर रखने के लिए कहा गया है।
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने डॉग स्क्वायड से परिसर के आसपास तवी नदी और अन्य स्थलों पर तलाशी अभियान चलाया। लोगों को हिदायत दी गई हैं कि अपने आसपास किसी तरह की संदिग्ध हरकत और संदिग्ध व्यक्ति के दिखते ही सुरक्षाबलों को इसकी जानकारी दें। साथ ही यह भी हिदायत दी गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति को अपने घरों में पनाह न दें। बता दें कि इस बार भगवती नगर में स्थानीय लोगों के घरों में यात्रियों को नहीं ठहरने दिया जाएगा। इसको भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। भगवती नगर आधार शिविर में पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।