ज्यौड़ियां। डीडीसी उपाध्यक्ष सूरज सिंह भाऊ ने जम्मू दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की। इस दौरान छंब के किसानों की समस्याओं को उनके समकक्ष रखा और समाधान की मांग की।
सूरज सिंह के अनुसार उन्होंने कहा कि किसानों की सिंचाई समस्या को हल किया जाए तथा अच्छे और समय पर खाद बीज उपलब्ध कराए जाएं। तब जाकर किसानों की आय दोगुनी हो सकती है। क्योंकि यहां किसान को न समय पर पानी मिलता है और न ही अच्छी खाद बीज। धान बीजने के समय सिंचाई विभाग समय रहते नहरों की सफाई नहीं कराता है। नहरें जंगल बन चुकी होती हैं। फलस्वरूप किसानों को बारिश के पानी पर निर्भर होना पड़ता है। अगर समय रहते बारिश नहीं हुई तो फसल सूख जाती है। सूरज सिंह ने प्रतिनिधिमंडल से छंब विधानसभा क्षेत्र के किसानों की इस समस्या को रखते हुए बताया कि किसान तब तक अपनी आय को दोगुना नहीं कर पाएंगे जब तक सिंचाई समस्या को हल नहीं किया जाएगा। नहरों को समय रहते साफ किया जाए और अच्छे तरीके से किया जाए, टूटी नहरों की मरम्मत की जाए क्योंकि क्षेत्र की अधिकांश नहरें जेसीबी से साफ करने से टूट गई हैं। इनको मरम्मत की जरूरत है।