ज्यौड़ियां। अखनूर के सोहल में शनिवार को जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जल्द स्थायी करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि हम कई साल से जल शक्ति विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार हमारी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। उसके विपरीत हम इस महंगाई में काम कर रहे हैं।
कर्मचारी यूनियन के प्रधान भूपेंद्र सिंह ने बताया कि न ही हमें स्थायी किया जा रहा है, और न ही समय पर वेतन दिया जा रहा। हम बेहद परेशानियों में परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। हमारे परिवार की हालत को देखते हुए सरकार तथा विभाग को चाहिए कि हमारी मांगों को जल्द पूरा किया जाए। प्रदर्शन में भूपेंद्र सिंह, राज कुमार, शिव कुमार, यशपाल, सिकंदर लाल, पवन कुमार आदि उपस्थित रहे।