परगवाल। क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज से गुस्साए परगवाल के ग्रामीणों ने बुधवार की रात ग्रिड स्टेशन को घेराव किया। बिजलीघर पर पहुंच कर उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। उनको दिन में चार से पांच घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली नहीं मिलने से उनकी धान की फसल खराब होने के कगार पर है। घर के बुजुर्ग और छोटे बच्चे गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उनको अखनूर के बदले वरन ग्रिड स्टेशन से बिजली दी जाए। क्योंकि अखनूर से उनको सुचारु बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने तहसीलदार के खिलाफ भी नारेबाजी की, और बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह लोगों को शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी चले गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बिजली कटौती में सुधार नहीं हुआ तो वह बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।