फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परगवाल में ग्रामीणों ने ग्रिड स्टेशन पर जड़ा ताला

विज्ञापन
परगवाल में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
विज्ञापन
परगवाल। सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी क्षेत्र को बिजली कटौती और लो वोल्टेज से निजात दिलाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने ग्रिड स्टेशन के पास पहुंच कर परगवाल पहुंचने वाला मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने ग्रिड स्टेशन पर ताला जड़ दिया।
विज्ञापन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विभाग क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। इससे गर्मी में उनका बुरा हाल है। खेतों में सिंचाई के लिए लगे पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे धान की फसल खराब होने की कगार पर है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अखनूर से परगवाल पहुंचने वाली 33 केवी लाइन से कानाचक को बिजली दी जा रही है, जिस कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मार्ग अवरुद्ध रहने के कारण दोनों ओर से लंबा जाम लग गया। हालांकि इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस आती देख उसको जाने दिया। इसके बाद रास्ता फिर से बंद कर दिया गया। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने ग्रिड स्टेशन को भी ताला जड़ दिया, और मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
इसी बीच नायब तहसीलदार संसार सिंह मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी किसी बड़े अधिकारी को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। इसी बीच नायब तहसीलदार ने एक बार फिर प्रयास करते हुए लोगों से कहा कि उनकी तहसीलदार से बात हुई है और उन्होंने उच्च अधिकारियों को इसके बारे में अवगत कराया है। उन्होंने ग्रामीणों से दो दिन का समय मांगा और कहा कि उनकी मांगों का दो दिन के अंदर समाधान किया जाएगा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी राजी हुए। नायब तहसीलदार ने ग्रिड स्टेशन पर जड़ा गया ताला खुलवाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर दो दिन के अंदर कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वह एक बार फिर एकत्रित होकर इससे भी बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन

प्रदर्शन में रतन लाल शर्मा, रतन सिंह, जसपाल सिंह, प्रवीण सिंह, बलभद्र सिंह, नितिन शर्मा, दिलेर सिंह, गणेश लाल, गिरधारी लाल, बलबीर सिंह, जगदीश सिंह, कुलदीप सिंह, प्रेम खजूरिया समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।
बिजली कटौती के खिलाफ सड़क बंद कर किया प्रदर्शन
आरएस पुरा। इन दिनों पड़ रही उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली की कटौती के खिलाफ शुक्रवार को विभिन्न पंचायतों के लोगों ने गांव कोटली शाहदौला में आरएस पुरा-जम्मू मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कुछ दिनों के भीतर बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो वह आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता चौधरी मोहन सिंह, पूर्व सरपंच जगजीत सिंह जग्गा, सरपंच बिन्नी शर्मा, कांता शर्मा आदि ने कहा कि गर्मी में लगातार हो रही बिजली की कटौती के कारण लोगों का जीना मुहाल है। बार-बार बिजली विभाग के अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग लोगों की इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। पहले जब प्रदर्शन किया गया तो बिजली विभाग के अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि बिजली कटौती बंद कर दी जाएगी, लेकिन इसके बावजूद कटौती से कोई राहत नहीं मिल रही है। इसके चलते उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली की अघोषित कटौती के कारण जहां गर्मी के मौसम में लोग रात में सो नहीं पा रहे हैं। बिजली कटौती के कारण किसानों की फसलें भी सूखने के कगार पर पहुंच चुकी हैं। सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में कदम उठाने की जरूरत है । इस दौरान मौके पर पहुंचे एडीसी घनश्याम सिंह ने लोगों को विश्वास दिलाया कि इस समस्या का समाधान करने हेतु जल्द कदम उठाए जाएंगे, जिसके बाद लोगों ने आंदोलन समाप्त किया और आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
उल्लेखनीय है कि गर्मी के मौसम में लगातार बिजली कटौती हो रही, जिसके चलते गत दिवस बी ब्लॉक सुचेतगढ़ के ग्रामीणों ने बिजली ग्रिड स्टेशन का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया था।
सत्तोवाली ग्रामीणों द्वारा वीरवार को बीस गांव की बिजली बंद करने पर शुक्रवार की रात तीन बजे के करीब एसडीएम रामलाल शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने धरने पर बैठे पंचायत प्रतिनिधियों को एक हफ्ते के भीतर सीमावर्ती क्षेत्र में सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति किए जाने के आश्वासन के बाद धरना उठाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें