जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान ने वीरवार को शहर के दो प्रमुख परियोजनाओं तवी रिवर प्रोजेक्ट और कृत्रिम झील क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, परियोजनाओं की समीक्षा कर तेजी से कार्य करने का आदेश दिया। इस मौके पर मंडलायुक्त राघव लंगर और पीएचई एवं इरा के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक मेें सलाहकार ने परियोजनाओं की समीक्षा करने के साथ ही देरी के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्हाेंने बताया कि कृत्रिम झील प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है। इस पर 73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्ट के पूरा होने से जम्मू में पर्यटन बढ़ेगा। कृत्रिम झील के आसपास वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के अलावा जल मनोरंजन और खेल सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होने के साथ ही रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। खान ने आदेश दिया कि जो एजेंसी भी इसका टेंडर ले उसे दस माह में काम पूरा करने के लिए कहा जाए। सात किलोमीटर तक बनने वाला तवी रिवर फ्रंट का कार्य भी दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में तवी ब्रिज से मुख्य तवी और दूसरा मुख्य तवी से गुज्जर नगर पुल तक बनेगा। दोनों तरफ सैरगाह भी बनेगी।