जम्मू कश्मीर में सीमाओं पर स्थिति नियंत्रण में है। सीमा को अभेद्य बना दिया गया है। बीएसएफ के जवान सतर्क हैं। देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी दुस्साहस को विफल करने में सक्षम है। ये बातें बीएसएफ के सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) कश्मीर में नए रंगरूटों की पासिंग आउट परेड के बाद अतिरिक्त डीजी बीएसएफ (पश्चिमी कमान) पीवी रामा शास्त्री ने कहीं।
अतिरिक्त डीजी ने कहा कि किसी भी देश की आंतरिक सुरक्षा में सीमा की रखवाली बहुत महत्वपूर्ण है। इस भूमिका को बीएसएफ के जवान बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'बदलती स्थितियों में भी बीएसएफ अपना योगदान दे रही है चाहें वह घुसपैठ को रोकना हो या ड्रोन के खिलाफ कार्रवाई करना हो या सुरंग विरोधी कार्रवाई हो या तस्करी को रोकना हो, हम इन सभी भूमिकाओं में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और सक्षम भी हैं।