रामबन। जिले में सोमवार को हुई मोटरसाइकिल ट्रॉली दुर्घटना में मरने वालों की संख्या अब दो हो गई है। हादसे में घायल पांच बच्चों को इलाज के लिए जम्मू जीएमसी रेफर किया गया था। मंगलवार को उनमें से एक बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान सलमा खातून (12) पुत्री मोहम्मद इसरार निवासी उत्तर प्रदेश वर्तमान में कोबाग रामबन के रूप में हुई है। पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद उसे बाकी सभी बच्चों समेत जिला अस्पताल रामबन प्राथमिक चिकित्सा दी गई थी। हालत में सुधार न होने पर पांच बच्चों के साथ उसे जीएमसी जम्मू स्थानांतरित कर दिया गया था।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक अब्दुल हमीद जरगर ने बताया कि अस्पताल में दो बच्चे और मोटरसाइकिल चालक का इलाज चल रहा है। रामबन थाना के एसएचओ संदीप चाड़क ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल रामबन में दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
-----
छह वर्षीय बच्चे की पहले हो चुकी है मौत
इससे पहले सोमवार शाम को कोबाग रामबन निवासी रामपाल के बेटे भैरभान (6) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। रामपाल खुद ही मोटरसाइकिल ट्रॉली को चला रहा था। हादसे में वह खुद भी घायल हुआ है, और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती है। उसके साथ दो अन्य बच्चों का भी इलाज जिला अस्पताल में ही किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर है।