जम्मू। सुरुईंसर के गांव सगून के पास मेटाडोर पलटने से इसमें सवार 35 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच बच्चे भी हैं। ये सभी पिकनिक मनाने के लिए सुरुईंसर गए थे। सभी मूल रूप से सभी छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जो इस समय जम्मू शहर के बन तालाब क्षेत्र में रह रहे हैं और मजदूरी का काम करते हैं। सभी घायलों को जीएमसी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ये लोग जब पिकनिक मनाकर रविवार को लौट रहे थे तो अचानक बस पलट गई। बताया जा रहा है कि चालक काफी तेज गति से बस चला रहा था।
ये हैं घायल
घायलों में राजकुमारी (55), राम सिंह (31), सरोज पुरे (26), मीट्ठी (3), जतिंदर सिंह (31), शिव कुमार (31), विश्वदेव (18), धन कुुमारी (22), गंगा सागर (30), सुरज यादव (2), लीला राम (28), पूजा देवी (17), नरिंदर कुमार (21), सीता राम (28), उदय (3), सोनाई (30), दूर बाई (45), पूर्णिमा यादव (24), सुमित कुमार (21), जवंत कुमार (22), ऊषा भाई (30), कमल प्रसाद (35), तेशा (4), दानेश्वर (30), आरती (6), भीम शंकर (20), तानिया (1), गौरव (20), राम दुलानी (25) और बेली राम (40) शामिल हैं। घायलों का कहना है कि मिनी बस चालक कॉफी तेज चला रहा था।
--------
15 सीटर मिनी बस में बिठाई गईं थीं 35 सवारियां
जानकारी के अनुसार मिनी बस में 15 लोगों के बैठने की ही अनुमित है, लेकिन अब तो कोरोना के चलते इससे भी कम बिठाने की अनुमति है। लेकिन मिनी बस में ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरी गई थीं। 35 लोग बस में बैठे हुए थे। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि जम्मू के बन तालाब से यह मिनी बस सुरुईंसर तक नेशनल हाईवे से होकर 40 किलोमीटर दूर तक पहुंच गई और रास्ते में कहीं पर भी चेकिंग के लिए इसे रोका नहीं गया। ओवरलोडिड मिनी बस को रास्ते में पुलिस के नाकों और ट्रैफिक पुलिस की ओर से रोका नहीं जाना कई सवाल खड़े करता है।
रिश्तेदार को खून देकर
लौट रहे तीन लोग जख्मी
बन टोल प्लाजा के पास खाई में गिरी कार, घायल जीएमसी में भर्ती, एक बच्ची भी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डोडा के रहने वाले तीन लोग एक कार हादसे में घायल हो गए। घायलों में मां-बेटी भी हैं। तीनों घायलों को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार घायलों में शामिल व्यक्ति जम्मू के एक अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को खून देने के लिए आए थे।
घायलों में कश्मीर सिंह (50), अमीरा (5) और अमीरा की मां प्रिया (30) वर्ष शामिल हैं। ये लोग डोडा के निदनगड़ी के रहने वाले हैं। जम्मू से लौटते वक्त जब नगरोटा के बन टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो कार नियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार अधिक गहरी खाई में नहीं गिरी। नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। पास में ही पुलिस का नाका था, हादसा होते ही पुलिस और अन्य लोग बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को कार से निकालकर एंबुलेंस की मदद से जीएमसी पहुंचाया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
---------
युवक ने अपना ही गला
काटने का प्रयास किया
जम्मू। शहर के बख्शी नगर क्षेत्र में एक युवक ने ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गुड़ा के रहने वाले मोहित जम्वाल ने अपने ही घर में गला काटा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वह अस्पताल से चला गया है। मामले में जांच की जा रही है।