अखनूर में तार टूटने की जानकारी देता दुकानदार।
अखनूर। कस्बे के मुख्य चौक पर बिजली का तार टूट करके गिरने से बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। इस दौरान तीन घंटे आपूर्ति ठप रही।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को बारिश के बाद बाजारों में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। कस्बे के मुख्य चौक पर बिजली की आपूर्ति करने वाली तार गिर गई। इस पर बिजली की चिंगारियां निकलने लगी और तार टूटकर गिर गई। राहगीर और रेहड़ी लगाए खड़ा एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया। लोगों में दहशत फैल गई। आसपास दुकानदार और राहगीरों ने शोर मचाया। कई राहगीरों ने आगे पीछे भाग कर जान बचाई। तार टूटने की सूचना बिजली विभाग को दी गई और बिजली आपूर्ति बंद कराई। सनद रहे एक माह पहले भी बिजली की तार इसी चौक पर टूट कर गिरी थी। तब यात्रियों से भरी मेटाडोर गुजरने वाली थी, जो चपेट में आने से बच गई। मुख्य चौक में गिरी तार की मरम्मत के लिए कर्मचारी दो घंटे के बाद आए।