बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मण औद्योगिक क्षेत्र के चार नंबर फेस में सोमवार को कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए सेना की दो और गंग्याल दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग में गोदाम में रखा सारा कबाड़ जल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र के चार नंबर फेस में कबाड़ का गोदाम है, जिसके अंदर फैक्ट्रियों से निकलने वाला कबाड़ डंप किया जाता है। इसमें ज्यादातर प्लास्टिक था। गोदाम मालिक यशपाल चौधरी ने बताया कि वह शहर से बाहर थे। सुबह करीब छह बजे नौकर का फोन आया कि उनके गोदाम में आग लग गई है। उन्होंने तुरंत इस घटना की जानकारी अपने करीबियों से साझा की। देखते ही देखते आग भीषण हो गई और पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठने लगे, आग की लपटें इतनी तेज हो गई कि गोदाम में पड़े कागज जलकर पास में सैन्य क्षेत्र के अंदर घुसने लगे। तभी सेना की दो गाड़ियां आग बुझाने पहुंच गईं।
बड़ी ब्राह्मणा के अलावा गंग्याल से भी दमकल की 6 से 8 गाड़ियां पहुंच गईं, और आग पर काबू पाने लगी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में पड़ा सारा कबाड़ जलकर राख हो गया। आग किन कारणों से लगी, इसके बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विदित हो कि बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र में पांच दिन में आग लगने की यह दूसरी घटना है।
परगवाल में दमकल गाड़ी भेजने की मांग
परगवाल। कृषि प्रधान क्षेत्र परगवाल के लोगों ने प्रशासन से दमकल गाड़ी भेजने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस समय उनकी गेहूं की फसल पकने की कगार पर है। आग की एक चिंगारी उनकी मेहनत पर पानी फेर सकती है।
किसानों के अनुसार पिछले साल भी उनकी बहुत सारी फसल जलकर राख हुई थी, जिससे उनको काफी नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि दमकल विभाग की गाड़ी क्षेत्र में होने से उनकी बहुत सारी फसल जलने से बच भी गई थी। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द दमकल वाहन परगवाल भेजने की मांग की है। किसान गिरधारी शर्मा का कहना था कि क्षेत्र के ज्यादातर लोग कृषि पर निर्भर हैं। क्षेत्र को अन्नपति क्षेत्र माना जाता है। इसलिए विभाग को यहां दमकल वाहनों की संख्या बढ़ानी चाहिए। क्योंकि ज्यादातर लोग गेहूं की खेती करते हैं, जिसको पकने के समय हमेशा आग लगने का खतरा बना रहता है। संवाद
फोटो
गेहूं फसल को आग से बचाने के लिए मांगी दो दमकल गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। कृषि प्रधान क्षेत्र अरनिया में इस समय गेहूं की बंपर फसल पक कर खेतों में तैयार है। मगर उसे आग से बचाने के लिए क्षेत्र में मात्र एक ही गाड़ी होने से किसानों को चिंता सताए है।
क्षेत्र में दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू पंडित के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल तहसीलदार अरनिया से मिला, जिसमें तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कर गेहूं की फसल की कटाई तक कम से कम दो और अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को उपलब्ध कराने की मांग की।
किसानों के प्रतिनिधि मंडल में शामिल त्रेवा की सरपंच बलबीर कौर व चंगिया पंचायत के पूर्व सरपंच डॉक्टर रघुवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोगों का मुख्य व्यवसाय जमींदारी पर निर्भर है। हर साल आग की घटनाएं बहुत होती हैं, जिससे किसानों की खेतों में खड़ी गेहूं फसल जलकर राख हो जाती है। फिर किसान एक साल तक खाली हाथ रह जाता है। फसल बीमा कंपनी भी आगजनी में तबाह फसल का कोई मुआवजा नहीं देती हैं।
कहा, जब एक ही समय में कई जगहों पर आग की घटनाएं हो जाती हैं तो उस समय मात्र एक गाड़ी पर्याप्त नहीं होती। इसलिए हमें कम से कम एक माह के लिए दो और दमकल विभाग की गाड़ियां दी जाएं, ताकि हर साल किसानों के होने वाले नुकसान को बचाया जा सके।
तहसीलदार पुनिका ने कहा कि किसानों के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए ज्ञापन को आज ही उच्च अधिकारिओं को भेज दिया गया है। जल्द ही हल करने का आश्वासन भी मिला है। उम्मीद है जल्द ही इसका हल निकाल लिया जाएगा।
इस मौके पर नरेश शर्मा,रत्न लाल, गौतम, बिल्ला व सुन्ना सैनी आदि किसान भी मौजूद रहे।