परगवाल। गांव भलवाल भरत में शनिवार देर रात एक कुल्ले में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस आग में जलकर एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोसटमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट के चलते आग लगी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल के गांव भलवाल भरत में अजय कुमार पुत्र (33) जगत्तर लाल शनिवार रात को अपने कुल्ले में सोने के लिए चला गया। देर रात लोगों ने कुल्ला जलते देखा। आग लगने के साथ ही लोगों ने चीख पुकार सुनीं तो वे आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही पुलिस को भी आग लगने की सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा तब तक युवक पूरी तरह से जल चुका था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जिस समय कुल्ले में आग लगने की घटना हुई उससमय घर में कोई नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता कि आग किस प्रकार से लगी है। अनुमान है कि कुल्ले में शार्ट सर्किट हुआ होगा, जिससे कुल्ले में आग लग गई है। अनुमान यह भी कि आग उस समय लगी होगी जब युवक सो चुका होगा, और उसे आग लगने की जानकारी नहीं हो पाई, और उसकी जलकर उसकी मौत हो गई। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।