पौनी। पंचायत खैरालेड़ के द्रम्मण में 50 मीटर का पैदल रास्ता ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बरसात में ग्रामीण जान जोखिम में डाल कर सफर करने के लिए मजबूर हैं। यह रास्ता दो मोहल्लों को जोड़ता है। रास्ता काफी संकरा है, जहां से सिर्फ अकेला व्यक्ति ही गुजर सकता है। बच्चों को यहां से जाने में काफी परेशानी होती है।
ग्रामीण कमल कुमार, राम लाल, वेद पाल, जसबीर सिंह, अंग्रेज कुमार, प्रेम सिंह, अशोक कुमार, प्रीतम सिंह, मोनी देवी, बिंदू देवी और बाबू सिंह ने बताया कि रास्ते के विकास के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। लेकिन आजतक किसी ने भी सुध नहीं ली है। पहाड़ी रास्ता होने के कारण तेज बारिश में गुजरना मुश्किल हो जाता है। खैरालेड़ के सरपंच करुणानिधि के अनुसार रास्ते को योजना में रखा है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी काम शुरू कर दिया जाएगा।