उधमपुर। शहर के रेलवे रोड इलाके में मंगलवार देर रात को चोरों ने धावा बोला। इस दौरान दवाइयों की दुकान को निशाना बनाया। शटर तोड़ने के बाद चोर दुकान में रखी नकदी और दवा समेट ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं दुकानदार पंकज ने बताया कि तीसरी बार चोरों ने उसकी दुकान को निशाना बनाया है, जबकि एक बार भी पुलिस चोरों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाई है।
दुकान के मालिक पंकज कुमार ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान का शटर टूटा है। इस पर तुरंत मौके पर पहुंचे। जब दुकान के अंदर जाकर देखा तो पता चला कि चोर करीब 25 हजार रुपये की कीमती दवाएं ले गए हैं। इसके अलावा कुछ राशि भी ले गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया।
पंकज ने बताया कि तीसरी बार दुकान को निशाना बनाया है। इससे पहले 2007 और 2011 में भी चोरी हुई थी और तब भी दुकान से दवा और नकदी चोरी हुई थी। अगर पुलिस ने पहले चोरों को पकड़ लिया होता, तो एक बार फिर से दुकान में चोरी नहीं होती। वारदात के बारे में पता चलने के बाद शहरवासी भी सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे। शहरवासियों का कहना था कि शहर में एक बार फिर से चोरी के मामले सामने आने लगे हैं।