रसाना कांड के मास्टरमाइंड बनाए गए सांझीराम की बेटी मधु शर्मा पिता की पेशी के दौरान चीख-चीख कर एक ही गुहार लगाती रही कि मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए। कोर्ट परिसर में मधु शर्मा ने कहा कि मैं सांझी राम की बेटी हूं और मुझे उन पर गर्व है। उन्होंने कोई ऐसा काम नहीं किया और निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। रसाना मामले में निर्दोष लोगों को फंसाने की साजिश तालिब हुसैन ने रची है। उन्होंने कहा कि पूरे देश और दुनिया के सामने एक बात साफ कर रखना चाहते हैं कि किसी ने भी आरोपियों को बचाने की बात नहीं की है। बच्ची के लिए इंसाफ हमने भी मांगा है।
तीन महीने से मामला चल रहा है, लेकिन नेशनल मीडिया को आज इसकी याद आई है। मधु ने कहा कि सभी लोगों की एक ही मांग है कि बच्ची को इंसाफ मिलना चाहिए, जिसके लिए सीबीआई जांच हो। सीबीआई जांच में कोई भी दोषी बच नहीं जाएगा, यह पूरा देश जानता है। उन्होंने कहा कि हमारी सीबीआई जांच की मांग को नेशनल मीडिया दबा रहा है। मधु ने कहा कि ऐसा शायद पहली बार है कि आरोपी पक्ष के लोग सीबीआई जैसी बड़ी जांच एजेंसी से जांच करवाए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच एकतरफा रही है।
सांझीराम की बेटी ने कहा कि महिला वकील दीपिका ने रेप और मर्डर की धमकी देने की बात कह रही है, जबकि वह खुद तालिब के साथ घूम रही है। वह खुद गलत है। यदि वह सही होती तो सीबीआई जांच की मांग करती। मधु ने कहा कि छह महीने बाद पता चलेगा कि पकड़े गए बच्चे और सांझीराम निर्दोष हैं, तो उनके जीवन के यह छह माह कौन लौटाएगा और इस दौरान दी गई यातनाओं पर कौन जवाब देगा। तालिब हुसैन के नामजद किए लोगों को क्राइम ब्रांच ने उठा लिया, जबकि वही मामले में गुमराह कर रहा है।