उधमपुर। सुभाष नगर मोहल्ले में घर में आत्महत्या करने वाले 12वीं के छात्र के परिवार ने मंगलवार को पुलिस स्टेशन के बाहर निजी स्कूल के खिलाफ प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि स्कूल के प्रबंधक की तरफ से प्रताड़ित किए जाने के कारण ही सुगल ने आत्महत्या की थी।
गौरतलब है कि पांच सितंबर को दोपहर के समय सुगल मगोत्रा का शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता हुआ बरामद हुआ था। सोमवार दोपहर को मृतक के परिवार ने पुलिस स्टेशन के बाहर निजी स्कूल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान परिवार ने कहा कि स्कूल के प्रबंधक व शिक्षकों के प्रताड़ित किए जाने पर ही सुगल ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। इसके बारे में उसने कई बार परिवार को बताया भी था। लेकिन उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि सुगल आत्महत्या कर लेेगा। इसलिए उनकी मांग है कि पुलिस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करे। जो भी इसमें दोषी हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।