शिक्षा विभाग में शिक्षकों के ट्रांसफर का सिलसिला जारी है। अब शिक्षा विभाग ने जम्मू संभाग में 169 मास्टर और लेक्चरर ग्रेड के शिक्षकों का ट्रांसफर किया।
आठ मई तक इन शिक्षकों को हर हाल में संबंधित स्कूल में ज्वाइन करना होगा। ज्वाइन न करने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी जारी की गई है।
दूरदराज के स्कूलों में स्टाफ की कमी दूर करने के लिए अब तक एक हजार से ज्यादा टीचर, मास्टर व लेक्चरर ग्रेड के शिक्षकों को ट्रांसफर किया जा चुका है।
शनिवार को तबादला आदेश जारी कर शिक्षा विभाग ने 169 मास्टर व लेक्चर ग्रेड के शिक्षकों को हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भेजा है। इनमें 66 लेक्चरर व 103 मास्टर ग्रेड के शिक्षक हैं।
अधिकतर शिक्षक ग्रामीण इलाकों में भेजे गए हैं। डोडा, राजोरी, उधमपुर, किश्तवाड़, कठुआ के ग्रामीण इलाकों के हायर सेकेंडरी स्कूलों में एजूकेशन, बाटनी, जूलॉजी, फिजिक्स के लेक्चरर्स की तीन वर्ष से मांग की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 66 लेक्चरर इन जिलों में ट्रांसफर किए गए हैं।