अखनूर। जम्मू ग्रिड स्टेशन में चार दिन से खराबी के चलते क्षेत्र में रोज 10 से 20 घंटे बिजली कटौती हो रही है। इससे लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में विभिन्न संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
जम्मू में ग्रिड स्टेशन में खराबी के चलते अखनूर में शनिवार सुबह 11 बजे से बिजली बंद हुई थी, जो रात करीब एक बजे आई थी। कई गांवों में रविवार दोपहर बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। हालत यह है कि चार दिन से बिजली की कटौती रोज 10 से 20 घंटे हो रही है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग को कटौती के बारे में अवगत कराया। इसके बावजूद भी बिजली की कटौती को कम नहीं कि गया। स्थानीय निवासी संजय कुमार ने कहा कि तापमान बढ़ने से बच्चों बुजुर्गों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग को चाहिए कि अगर किसी प्रकार की खराबी आ रही है तो उसे जल्द ठीक किया जाए। गृहणी रेखा देवी ने बताया कि कुछ दिनों से बिजली की भारी कटौती से जीना मुहाल है। मगर विभाग की तरफ से इसे कम नहीं किया जा रहा है। बिजली कटौती और आपूर्ति का एक शेड्यूल जारी किया जाए। ताकि क्षेत्र के लोगों को इसकी समय पर जानकारी मिल सके।
बिजली कटौती से परेशान हुए कस्बे के निवासी
बिश्नाह। कस्बे में देर रात को बिजली की भारी कटौती हो रही है। पूरी रात मात्र 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लोगों का इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में बुरा हाल है। बिजली विभाग पर इसका कोई असर नहीं है। कुछ दिन पहले कस्बे के छात्रों ने बिजली विभाग का घेराव कर उसमें ताला जड़ कर चाबी तहसीलदार को दे दी थी। लोगों ने सोचा था कि हो सकता है इसके बाद रात को होने वाली कटौती में सुधार किया जाए।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुशील शर्मा, संदीप आदि ने कहा कि 3 दिन पहले हुई बारिश से मौसम खुशगवार हुआ था, परंतु अब फिर से गर्मी बढ़ गई है। देर रात को बिजली की कटौती में कोई भी कमी नहीं की गई। इसलिए कस्बे के लोगों का गुस्सा बिजली विभाग के प्रति बढ़ गया है, जिसका खामियाजा बिजली विभाग को भुगतना पड़ सकता है। कस्बे के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर देर रात को होने वाली बिजली की कटौती में कमी करें ताकि लोगों को राहत मिल सके अन्यथा लोगों के गुस्से का शिकार बिजली विभाग को होना पड़ सकता है।
बिल अदायगी न करने वालों की बिजली काटी जाए
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यौड़ियां। तहसील के दस से भी अधिक गांवों में शनिवार की सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति ठप रही और देर रात तक नहीं आई। रविवार को भी दिन में मात्र दो घंटे ही बिजली आई। इस दौरान लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि जो लोग बिजली बिल की अदायगी नहीं कर रहे हैं उनकी बिजली काट दी जाए और आपूर्ति में सुधार लाया जाए।
शनिवार को गांव मडींवाला, रतनपुर, मैरा, मुट्ठी, देवीपुर, नाईवाला, भलवाल ब्राह्मणा, जड भगता, तरेयाई मौड, जड, तरोटी, बकोर सहित अन्य कई गांवों के निवासी बिजली किल्लत से परेशान रहे। यहां सुबह 11 बजे से बिजली गुल रही। रविवार को भी लोगों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ा। रविवार को दिन में मात्र एक दो घंटे ही बिजली आई है, जिसके चलते इन गांवों के लोगों के साथ-साथ बाजार तथा सभी 13 वार्डों के लोगों का बुरा हाल हो रहा है। दुकानदार रोकी गुप्ता, शिव गुप्ता, राजेंद्र पाल आदि ने बताया एक माह से ज्यौड़ियां क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। अगर हम लोग बिजली का किराया समय पर दे रहे हैं तो बिजली भी पर्याप्त दी जाए। गर्मी से हमारा बुरा हाल है। दुकानदारों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से कई लोग अवैध ढंग से बिजली को इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग को चाहिए कि जो लोग किराया नहीं देते हैं। उनकी बिजली काट दी जाए।
विभाग इतना लापरवाह है कि बीस घंटे तक बिजली बंद रहने के पश्चात भी अभी तक किसी ने सुध नहीं ली है। इस विषय में विभाग के लोगों का कहना है कि जम्मू से लाइन फाल्ट है, जिसके चलते बिजली बंद है विभाग की टीम फाल्ट ठीक करने में जुटी है। कोशिश है जल्द बिजली बहाल कर दी जाएगी।