ट्रेनिंग में गैरहाजिर 14 शिक्षक निलंबित
अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त ने किया था डाइट का दौरा, कारण बताओ नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पुंछ। वीरवार अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त विकास पुंछ अब्दुल हमीद शेख ने नगर स्थित शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (डाइट) का औचक दौरा किया। इस दौरान वहां चल रही शिक्षकों की ट्रेनिंग में बिना बताए गैरहाजिर मिले 14 शिक्षकों को उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें निलंबित कर दिया। शेख ने जिला विकास आयुक्त पुंछ राहुल यादव, शिक्षा निदेशक जम्मू, मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला ट्रेजरी अधिकारी को गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार की दोपहर अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त विकास पुंछ अब्दुल हमीद शेख ने नगर स्थित जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान का दौरा किया था। वहां शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कोर्स चलाया जा रहा था। जब उन्होंने वहां पर प्रशिक्षण दे रहे विभागाध्यक्षों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों की संख्या के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने 14 शिक्षकों को बिना कारण बताया गैरहाजिर पाया। इस पर उन्होंने तत्काल गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए शिक्षकों में शौकत अली, मंजीत सिंह, रूबीना कौसर, मोहम्मद शबीर, मोहम्मद इशफाक खान, जुल्फकार अली, सरफराज अहमद, रिचा शर्मा, रकिया बी, मोहम्मद गुलजार, शहीन अख्तर, ताहिरा अमिन, ताजीम अख्तर और ताहिर फातिमा के नाम शामिल हैं।