दो राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में करोड़पतियों के मामले में जम्मू-कश्मीर आगे है। पहले दो चरणों में झारखंड में 422 में 83 और जम्मू-कश्मीर में 298 में 101 करोड़पति चुनावी दंगल में हैं। जम्मू में 25 करोड़पति निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सत्ता संग्राम में हैं तो झारखंड में 19। जम्मू में सबसे अधिक करोड़पति प्रत्याशी सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस से हैं।
इसके बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), कांग्रेस और भाजपा है। नौ प्रत्याशी 10 करोड़ से अधिक के मालिक हैं, जबकि सात पर एक करोड़ से अधिक का कर्ज (देनदारी) है। पहले और दूसरे चरण की 33 सीटों के लिए कुल 298 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में 46 और दूसरे में 55 प्रत्याशी करोड़पति हैं।
दूसरे चरण में छह उम्मीदवारों के पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इनमें सबसे अधिक गूल अरनास के भाजपा प्रत्याशी कुलदीप राज दुबे के पास 14 करोड़ और हंदवाड़ा से पीपुल्स कांफ्रेंस प्रत्याशी सज्जाद गनी लोन एवं रियासी से निर्दलीय बलदेव राज शर्मा के पास 13-13 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 11 प्रत्याशियों के पास संपत्ति के नाम पर कुछ भी नहीं है।
एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की ओर से प्रत्याशियों द्वारा दाखिल शपथ पत्रों के विश्लेषण के आधार पर जारी रिपोर्ट के अनुसार तीन प्रत्याशियों हंदवाड़ा के हिलाल अहमद तंत्री के पास पांच हजार, गूल अरनास के रोमैल सिंह और नूराबाद के बिलाल अहमद भट के पास 10-10 हजार रुपये हैं।
पांच प्रत्याशियों की देनदारी एक करोड़ रुपये से अधिक है। खास बात यह है कि दूसरे चरण में 10 करोड़पतियों के पास पैन नंबर नहीं है। पहले चरण में तीन प्रत्याशियों के पास 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति है, जबकि दो प्रत्याशियों पर एक करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है।
करोड़पति प्रत्याशी
पार्टी प्रत्याशी करोड़पति प्रतिशत
नेकां 31 17 55
पीडीपी 30 16 53
भाजपा 30 13 43
कांग्रेस 33 14 42
पीपुल्स कांफ्रेंस 09 04 44
बसपा 24 08 33
किसान मजदूर 06 01 17
पैंथर्स पार्टी 23 01 04
सीपीआई (एम) 02 01 50
निर्दलीय 91 25 27
14 प्रत्याशियों पर आपराधिक मुकदमे
पहले और दूसरे चरण के चुनाव मैदान में 14 प्रत्याशियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कांग्रेस और पैंथर्स पार्टी के दो-दो, नेकां, भाजपा, पीडीपी, पीपुल्स कांफ्रेंस एवं एनसीपी के एक-एक और पांच निर्दलीय शामिल हैं।
युवा प्रत्याशी भी कम नहीं
पहले और दूसरे चरण में भाग्य आजमा रहे 298 प्रत्याशियों में से 40 साल तक की उम्र वाले 95 प्रत्याशी हैं। इनमें 25-30 साल वाले 24 और 31-40 वर्ष के 71 उम्मीदवार हैं। ज्यादा प्रत्याशियों की आयु 41 से 60 साल के बीच है। 41 से 50 की आयु वर्ग में 81 और 51-60 साल में 82 प्रत्याशी हैं। साठ साल से ऊपर की आयु वाले 36 प्रत्याशी भी अखाड़े में हैं। चार प्रत्याशियों ने अपनी आयु नहीं घोषित की है।
ग्रेजुएट प्रोफेशनल भी मैदान में
चुनाव में 117 प्रत्याशी स्नातक तथा उससे ऊपर की डिग्रीधारक हैं। इनमें ग्रेजुएट-32, पोस्ट ग्रेजुएट-40, डाक्टोरेट-19 तथा ग्रेजुएट प्रोफेशनल-26 हैं। निरक्षर-11, साक्षर-01, आठवीं कक्षा तक -47 और 12वीं तक पढ़ने वाले 112 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चार प्रत्याशियों ने अपनी पढ़ाई का शपथपत्र में जिक्र नहीं किया है।