उधमपुर। टूरिस्ट विलेज डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत पंचैरी के दस युवाओं को ट्रैवल व टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण तैयार किया गया है। शुक्रवार को इन युवाओं का शहर स्थित एसबीआई के सहायक प्रशिक्षण केंद्र उधमपुर में प्रशिक्षण पूरा हुआ और अधिकारियों ने इनको प्रमाणपत्र प्रदान कर पंचैरी के लिए रवाना किया। 11 अक्तूबर से यह सभी युवा टूरिस्ट गाइड के रूप में काम करना शुरू कर देंगे।
पंचैरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन और सरकार की तरफ से बहुत तेजी से काम किया जा रहा है। तीन गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यटकों के ठहरने के लिए स्थानीय निवासियों के घरों को तैयार किया जा रहा है। इसी के तहत यूथ क्लब के दस सदस्यों को ट्रैवल व टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। उधमपुर स्थित एसबीआई के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में इनको बताया गया कि किस तरह से पर्यटकों के पंचैरी पहुंचने पर उनको स्थानीय इतिहास के बारे में जानकारी देकर जागरूक करना है। प्रशिक्षण हासिल करने वालों में काफी संख्या में युवतियां भी थी। प्रशिक्षण हासिल करने वाले युवाओं ने बताया कि पंचैरी की खूबसूरती देखते ही बनती है। लेकिन लोगों को इसके बारे में सही जानकारी नहीं है।
लेकिन अब वह पर्यटकों को गाइड करेंगे। पर्यटकों के रहने की व्यवस्था पंचैरी में ही जाएगी। उनको सांकरी देव स्थान सहित सभी स्थानों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ पर्यटकों को जंगली जानवरों से सावधान रहने के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। एसबीआई के अधिकारियों सभी युवाओं को सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। 11 अक्तूबर को पंचैरी के पर्यटन गांव को उद्घाटन होगा और सभी युवा टूरिस्ट गाइड बन कर काम करने लगेंगे।