उधमपुर। शहर के वार्ड 17 में पानी की किल्लत बढ़ने के बाद महिलाओं का शिष्टमंडल पार्षद आशा देवी के नेतृत्व में मंगलवार को जलशक्ति विभाग के कार्यालय पहुंचा। जहां महिलाओं ने एक्सईएन के समक्ष समस्या को उजागर किया। वहीं, जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं होने पर कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है।
दोपहर के समय पार्षद के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाएं एक्सईएन के पास पहुंची। उन्होंने ने बताया कि वार्ड में सप्ताह में दो या फिर तीन कुछ मिनट के लिए ही पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों को पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। रोजाना पानी इंतजाम करने के लिए कई किलोमीटर दूर बावली पर जाना पड़ रहा है। पार्षद ने कहा कि हर आदमी के दिन की शुरूआत पानी से होती है और जब पानी नहीं मिलेगा तो पूरी दिनचर्या प्रभावित हो जाएगी। विभाग की लापरवाही के कारण बरसात में भी पानी को तरसना पड़ रहा है। इस मौसम में रास्ता खराब होने पर बावली पर जाना मुश्किल हो गया है। एक्सईएन ने सप्ताह में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया है। वहीं, महिलाओं ने समस्या का समाधान नहीं होने पर कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।