उधमपुर। नगर परिषद कार्यालय में तैनात चौकीदार शाम लाल रविवार सुबह कार्यालय परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला है। उसके छत से गिरने का अंदेशा जताया जा रहा है।
रविवार को सुबह के समय उनका शव कार्यालय परिसर में मिला। मौके पर पंहुची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पंहुचाया। जानकारी के मुताबिक शाम लाल रात को ड्यूटी पर तैनात था, सुबह के समय सैर करने के लिए निकले कुछ लोगों ने उसका शव कार्यालय परिसर में पड़ा देखा और पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पंहुचकर हालात का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए पंहुचाया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया में मामला छत से गिरकर हुई मौत का लग रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है। कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज से भी घटना की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।