उधमपुर/चिनैनी। उपायुक्त कृतिका ज्योत्सना ने शनिवार को मानतलाई और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगामी अंतरराष्ट्रीय योग सम्मेलन केंद्र सहित चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया।
दौरे पर राष्ट्रीय परियोजना निर्माण निगम (एनपीसीसी) के प्रतिनिधि ने उन्हें प्रतिष्ठित परियोजना के विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति बताई। डीसी ने एनपीसीसी को चल रहे विकास कार्यों की प्रगति में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने पर्यटक सुविधा केंद्र, डाइनिंग सेंटर, कैफेटेरिया, कॉटेज डिजाइन में एकीकृत सोलारियम के साथ ईको लॉज हट्स, सेब के बाग में मेडिटेशन एंक्लेव, हेलीपैड, एंबुलेंस शेड, फायर टेंडर स्टेशन, विंड वेन, ग्रीन रूम के साथ ओपन एयर एंफीथिएटर, परिसर का सौंदर्यीकरण, शौचालय के साथ पार्किंग क्षेत्र, सुरक्षा जांच पोस्ट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, बैटरी चालित कारें और साइनेज की स्थापना की कार्य प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान डीसी ने चिनैनी-सुद्धमहादेव राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को सड़क परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। रास्ते में डीसी ने केवी स्कूल चिनैनी और गंडोला साइट का भी दौरा किया। उन्होंने केवी में सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने डीसी को स्कूल के कामकाज, मौजूदा बुनियादी ढांचे, छात्रों की कुल संख्या, स्कूल में पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रम, संस्था में संचालित होने वाली गतिविधियों और कार्यक्रमों से अवगत कराया।