उधमपुर/जिब। डीडीसी अध्यक्ष लाल चंद ने जिब क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर नए कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादकों के बीच मशरूम स्पॉन बैग भी बांटे।
इस बीच उन्होंने जिला उधमपुर के पॉली क्षेत्र में एक स्थानीय सड़क पर तारकोल डालने का काम भी शुरू कराया। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत 48.95 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनाई जा रही 2.32 किमी लंबी सड़क पर तारकोल डाला जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सड़क पहली आवश्यकता है, और यह सरकार की प्राथमिकता भी है।
उन्होंने जनता से भी बातचीत की और लोगों के मुद्दों और मांगों को भी सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद डीडीसी अध्यक्ष ने मुख्य कृषि अधिकारी संजय आनंद की उपस्थिति में नीली नाला में 29 उत्पादकों के बीच मशरूम स्पॉन के 925 बैग वितरित किए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के मशरूम उत्पादकों को अत्यधिक लाभ होगा और आजीविका के अधिक अवसर मिलेंगे।
डीडीसी ने विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर उन्हें आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए कहा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को मशरूम और अन्य नकदी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। बाद में डीडीसी अध्यक्ष ने गवर्नमेंट हाई स्कूल सुनाडी जोन में कला शिल्प कक्ष में स्लैब बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने इंजीनियरों के साथ स्कूल के एक असुरक्षित भवन का भी निरीक्षण किया। स्टाफ सदस्यों सहित स्थानीय लोगों ने डीडीसी अध्यक्ष को इमारत से अवगत कराया और सुरक्षा के लिए इसे गिराने की मांग की। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच दर्शन देवी सहित स्कूल का स्टाफ उपस्थित था।