उधमपुर। आज वार्ड नंबर 12 के शीतला माता गली में स्थित महाजन हॉल में वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। नगर परिषद के प्रधान डा. जोगेश्वर गुप्ता ने लोगों से इस वैक्सीनेशन कैंप में आकर वैक्सीन लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शहर में अभी भी तीस प्रतिशत लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक पहली डोज भी नहीं ली है। इसलिए ऐसे लोगों से विशेषतौर पर उनकी अपील है कि वह इस कैंप में आकर टीकाकरण अवश्य करवाएं। क्योंकि कोरोना से बचाव का एकमात्र कारगर तरीका अभी तक यही है।
उन्होंने कहा कि जिन जिन लोगों की दूसरी डोज लगवाने का समय हो चुका है, वह भी इस कैंप में आकर वैक्सीनेशन करवाएं। उन्होंने कहा कि इस कैंप के माध्यम से वार्ड नंबर 12 के अलावा वार्ड नंबर 9, 10 13,16, तथा 17 के निवासियों को कवर किया जाएगा। इसके अलावा शहर के अन्य वार्डों के लोग भी इस कैंप में आकर अपना वैक्सीनेशन करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस कैंप का फायदा उठाकर टीकाकरण करवाएं। क्योंकि कोरोना महामारी से बचने का यही एक कारगर तरीका है। इसके अलावा इस कैंप में वार्ड 12 के उन लोगों का भी पंजीकरण किया जाएगा, जिन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत सेहत कार्ड बनाने के लिए अपने फार्म भरे हैं। ऐसे लोग अपने साथ अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड लेकर कैंप में आएं उनके कार्ड भी कैंप में बनाए जाएंगे। संवाद