रामनगर की केला पंचायत के संथला इलाके में वीरवार को एक वैन अनियंत्रित होकर 200 फुट गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए उधमपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। यह लोग रामनगर से ई-श्रमिक कार्ड बनवा कर गांव लौट रहे थे।
बताया जाता है कि केला पंचायत के रहने वाले प्रवीण कुमार परिवार के साथ ई-श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए वैन से रामनगर गए थे। उनके साथ पत्नी, छोटे भाई की पत्नी व तीन बच्चियां भी थीं। कार्ड बनवाने के बाद ये लोग अपने घर कैला लौट रहे थे, तो गांव का रहने वाला बिशन दास भी मिल गया। उसे भी गाड़ी में बिठा लिया गया। शाम लगभग तीन बजे गांव से कुछ दूर पहले संथला इलाके में एक तीखे मोड़ पर वैन अनियंत्रित हो गई और 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
वैन में सवार सभी सात यात्रियों में से दो बच्चियों समेत चार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि, अन्य तीन घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से उपचार के लिए उपजिला अस्पताल रामनगर लाया गया। यहां उपचार के दौरान एक और घायल महिला ने दम तोड़ दिया। शेष दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उधमपुर भेज दिया गया है।
परवीन के परिवार में छह साल की बेटी बची
हादसे में मरने वालों की शिनाख्त वैन चालक और मालिक प्रवीण कुमार (27), उसकी पत्नी रीता देवी(25), बेटी प्रीति देवी (16 माह) तथा छोटे भाई संजय कुमार की बेटी लक्ष्मी देवी (7 माह) व ग्रामीण बिशन दास (45) के रूप में हुई है। परवीन की छह साल की बेटी शिवानी व छोटे भाई संजय कुमार की पत्नी अंजनी देवी (19) गंभीर रूप से घायल हैं। परवीन का छोटा भाई संजय कुमार बेंगलुरु में काम करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।