आतंकी हमलों के विरोध में युवाओं ने वीनस चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू संभाग में लगातार हो रहे आतंकी हमलों के विरोध में मंगलवार को युवाओं ने शहर के वीनस चौक पर हिंदू जागरण मंच के बैनर तले पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सरकार से मांग की कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में कड़ा जबाब दे।
सुबह 11 बजे के करीब हुए इस प्रदर्शन में काफी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और जमकर पाकिस्तान मुदार्बाद के नारे लगाए। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हिंदू जागरण मंच के सदस्य रोहित सेठी और आदित्य वर्मा ने कहा कि बीते कुछ महीनों में लगातार जम्मू संभाग के शांतिप्रिय क्षेत्र को निशाना बनाया जा रहा है। पाकिस्तान जानबूझ कर यहां आतंकी गतिविधियों को बढावा दे रहा है जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार इन हमलों की रोकथाम को लेकर कड़ा संज्ञान ले अन्यथा उन्हें हथियार मुहैया करवाएं, जम्मू की जनता स्वयं भी इतनी सक्षम है कि इन भाड़े के आतंकियों का खुद मुकाबला कर उन्हें नाकों चने चबवा सकती है। उन्होंने सरकार से भी मांग की कि आतंकियों के सफाए के लिए पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए और जम्मू कश्मीर में जो आतंकियों के समर्थक और हमदर्द छिपे बैठे हैं उनकी धरपकड़ कर उनपर भी सख्त कार्रवाई की जाए।