रामनगर। बहन के घर दावत पर गए भाई पर बहन की बुआ सास के बेटे ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद लहूलुहान भाई को परिजनों ने फौरन उपचार के लिए उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर है। घायल की पहचान जोगिन्द्र कुमार पुत्र सूरम चंद निवासी चक बरयालता के रूप में हुई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार शाम के समय पेश आई उक्त घटना रामनगर की माडता पंचायत के गांव चाईबाग के वार्ड 4 की है। जहां जोगिन्द्र कुमार अपनी बहन रेखा देवी के घर पर दावत पर आया था। वहीं रेखा देवी ने बताया कि दोपहर का खाना खाने के बाद मैं अपने दूसरे घर चली गई थी जहां मेरे जाने के बाद शाम को 5 बजे के करीब मेरी बुआ सास के बेटे मोहनलाल के खेत में हमारी एक एक भेड़ चली गई, जिसपर मोहन लाल बहुत ज्यादा गुस्सा हो गया और अपने घर से गाली गलौज करने लगा। मैं जब घर से बाहर आई तो मोहनलाल मेरे साथ बहस बाजी करने लगा और उसने मुझे जोरदार थप्पड़ मार दिया लेकिन इतने पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और फिर वह अपने घर के अंदर से दराट लेकर मुझे मारने आ धमका, लेकिन उसकी मां कौशल्या देवी ने उससे दराट छुड़ा लिया। लेकिन मोहनलाल फिर से अपने घर के अंदर गया और वहां से इसबार कुल्हाड़ी लेकर आ गया और मुझे कुल्हाड़ी के डंडे से पीटने लगा, इसपर जब मेरा भाई जोगिंदर कुमार मुझे छुड़ाने आया तो मोहन लाल ने मेरे भाई के सिर पर ही कुल्हाड़ी से जोरदार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रेखा देवी और उसके परिजनों ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन उनकी मांग है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।