बाबा बूढ़ा केदारनाथ मेले को लेकर बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। गुरु पूर्णिमा के दिन लगने वाले वार्षिक बाबा बूढ़ा केदारनाथ मेले को लेकर शनिवार को एसडीएम कार्यालय में एक बैठक हुई। इसमें कमेटी सदस्यों ने मेले के दौरान पेश आने वाली समस्याओं को उजागर कर समाधान की अपील की। एसडीएम ने संबंधी अधिकारियों को समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।
जल शक्ति विभाग को पेयजल के पर्याप्त प्रबंध करने और जरूरत अनुसार अलग-अलग स्थान पर पानी के कनेक्शन लगाने को कहा गया। बिजली विभाग को 20 से 21 जुलाई तक निर्बाध आपूर्ति करने व स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सहित डॉक्टरों की टीम को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़क की हालत में सुधार करने और ग्रामीण विकास विभाग को मेला स्थल पर किसी प्रकार की अन्य समस्या को दूर करने के निर्देश दिए गए। कमेटी सदस्यों ने पार्किंग की समस्या भी उठाई और उसके उचित समाधान की मांग की। बैठक में तहसीलदार पंकज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।