कटड़ा। कोविड नियमों की अनदेखी करने पर तहसील प्रशासन सख्त हो गया है। तहसीलदार ने धर्मनगरी के विभिन्न स्थानों का दौरा कर कोविड एसओपी का उल्लंघन करने पर दो दुकानाें को सील किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को तहसीलदार अनिल चाढ़क के नेतृत्व में टीम ने प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इस दौरान भूमिका मार्ग पर दो कर्मचारियों के मास्क नहीं पहनने पर दो दुकानों को सील कर दिया गया है। कार्रवाई में एसडीपीओ कुलजीत सिंह भी मौजूद रहे। तहसीलदार ने बताया कि धर्मनगरी में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसलिए यहां पर कोविड एसओपी का सख्ती से पालन होना चाहिए। ऐसा नहीं करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।