उधमपुर। शहर के साथ लगते दो अलग अलग स्थानों पर वाहन दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर एक घायल को जीएमसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार के हवाले कर दिया है।
पहली दुर्घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे दुद्दर नाला इलाके में हुई, जहां श्रीनगर से पंजाब की तरफ जा रही ट्राला (जेके05डी-8315) जब दुद्दर नाला इलाके अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। मौके से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन चालक मुद्दसर अहमद पुत्र अब्दुल सलाम निवासी न्यू लाइट कॉलोनी (सोपोर) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, मोहम्मद शफी पुत्र मोहम्मद सलाम बट निवासी सोपोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा शहर के साथ लगते गोल मेला इलाके में रविवार सुबह करीब सात बजे हुआ। इसमें जम्मू से गूल संगलदान (रामबन) जा रहे तेज रफ्तार टेंपो (जेके02एफ-0814) ने ट्राले को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जहां टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया वहीं, चालक सहित दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहनों के टकराने की तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ समय के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वाहन की व्यवस्था कर सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने चालक मंजूर अहमद पुत्र अब्दुल रशीद (25) निवासी संगलदान को मृत घोषित कर दिया।
घायलों की पहचान प्रवीन अख्तर पत्नी इर्शाद अहमद निवासी चंद्रकोट, शाहरीन भट पुत्री शब्बीर अहमद निवासी संगलदान, शब्बीर अहमद भट पुत्र अब्दुल भट निवासी चंबलास डोडा, परवेज अहमद पुत्र बशीर अहमद निवासी संगलदान, सबरीन बानो पुत्री शब्बीद अहमद निवासी चंबलास डोडा, बलजीत सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी संगलदान, जाहिदा अख्तर पत्नी मोहम्मद एजाज निवासी संगलदान, इरफान वानी पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी संगलदान और शमशाद बेगम पत्नी शाहदीन निवासी संगलदार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।