अर्द्धकुंवारी के साथ सटी त्रिकुटा पहाड़ी पर शुक्रवार की रात को लगी आग पर शनिवार की दोपहर तक नियंत्रण पा लिया गया। आग की इस घटना से वैष्णो माता के श्रद्धालुओं के आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा। अलबत्ता हवा का रुख देखते हुए श्राइन बोर्ड प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए आग बुझाने में पूरी ताकत झोंक दी।
दरअसल किसी कारण शुक्रवार की रात को अचानक अर्द्धकुंवारी से लगते त्रिकुटा पहाड़ी पर आग की पलटें उठने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही श्राइन बोर्ड प्रशासन का राहत दल और अमला सतर्क हो गया।
दरअसल रात के समय हवा चल रही थी। हवा का रुख भवन की ओर था। इससे आग की चिंगारी भवन की ओर जाने का खतरा था। हालांकि आग काफी दूर थी। फिर भी सावधानी बरतते हुए श्राइन बोर्ड के राहत दल ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
शनिवार की दोपहर तक आग को नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि इस घटना से भवन जाने वालेे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है।