उधमपुर। खराब मौसम के चलते रामबन के विभिन्न स्थानों पर गिरी पस्सियों की वजह से शनिवार से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया।
एकतरफा मार्ग होने के कारण श्रीनगर की ओर से आ रहे लोग तो जम्मू आ सके, लेकिन जम्मू की ओर से घाटी को जाने वाले लोगों को उधमपुर में जखैनी चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। जिसके चलते रविवार को भी उधमपुर के आसपास के क्षेत्रों में हजारों की तादाद में वाहन फंसे रहे।
राजमार्ग पर उधमपुर के जखैनी चौक, सयाल, रठियान, बट्टल बालियां, मलाड़, गरनेई, फलाटा, मांड, टिकरी, आदि स्थानों पर लगभग तीन से चार हजार वाहनों की कतारें लगी रहीं। हालांकि, पटनीटॉप सहित बटोत, डोडा, किश्तवाड़ की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही को बहाल रखा गया था। इन्हें भी गहन पूछताछ के बाद ही जखैनी चौक से आगे जाने की अनुमति दी जा रही थी।
पटनीटॉप और सनासर की तरफ भी केवल उन्हीं वाहनों को जाने की अनुमति दी गई, जिनके पास होटलों की बुकिंग मौजूद थी। बाकी लोगों को पुलिस कर्मियों के साफ निर्देश थे कि जब तक राजमार्ग से पस्सियों को पूरी तरह से नहीं हटाया जाएगा, किसी भी वाहन को घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि मौसम के लगातार खराब रहने से हुई भारी बारिश व हिमपात से शनिवार को रामबन के कैफेटेरिया मोड़ क्षेत्र के आसपास गिरी पस्सियों से हाईवे बंद हो गया था। पस्सियों को हटाने का काम पूरा होने के बाद भी सबसे पहले श्रीनगर से जम्मू की तरफ वाहन छोडे़ गए। घाटी की तरफ जाने वाले वाहनों को उधमपुर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
--------
पस्सियां हटाने का अधिकतर काम पूरा
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक रामबन क्षेत्र में गिरी पस्सियों को हटाने का अधिकतर काम पूरा कर लिया गया है। लेकिन, हाईवे पर पहाड़ों से लगातार हो रहे मलबे के रिसाव के कारण अभी यह एकतरफा मार्ग बना हुआ है। साथ ही फिसलन भी काफी अधिक है। इसलिए, एहतियात के तौर पर सबसे पहले रास्ते में फंसे छोटे वाहनों को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना किया गया है। जल्द ही जम्मू से श्रीनगर की ओर यातायात को भी बहाल किया जाएगा।
जखैनी चौक पर घाटी की तरफ जाने वाले वाहनों की लगी लंबी कतारें- फोटो : UDHAMPUR
जखैनी चौक पर घाटी की तरफ जाने वाले वाहनों की लगी लंबी कतारें- फोटो : UDHAMPUR