उधमपुर: हॉस्पिटल के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल की जानकारी देते हुए व्यक्ति.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला अस्पताल उधमपुर में सोमवार को अपनी मां के उपचार के लिए आए एक व्यक्ति को दोहरी कीमत चुकानी पड़ी। एक तो उसने अपनी मां के इलाज का खर्च उठाया, वहीं दूसरी तरफ चोर उसकी मोटरसाइकिल उठा ले गए।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित गणेश दत्त अपनी मां के उपचार के लिए जिला अस्पताल आया था। सुबह उसने अपनी बाइक (जेके14 ई-9658) को धार रोड की तरफ वाले जिला अस्पताल के गेट के अंदर लगाया था। लेकिन, जब घर जाने के लिए वह बाइक के स्थान पर पहुंचा तो उसकी बाइक गायब थी। गणेश ने पहले आसपास पूछताछ की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली।
उसके बाद गणेश पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, बाइक का कुछ पता नहीं चल सका। कहने को यह अस्पताल जिले का एकमात्र मुख्य अस्पताल है। लेकिन, यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सुरक्षा को लेकर अस्पताल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
अस्पताल में उपचार कराने आए अन्य लोगों ने कहा जिला अस्पताल में लगे ज्यादातर सीसीटीवी बंद पडे़ हैं। पूरा अस्पताल परिसर कैमरे की निगरानी में नहीं है। अगर सीसीटीवी सही से लगाए गए होते तो आज अस्पताल परिसर से बाइक चुराने वाले को पकड़ लिया होता। इस घटना से जिला अस्पताल प्रबंधन को सीख लेनी चाहिए, और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।