उधमपुर। नगर के धार रोड पर स्थित राज पैलेस के नजदीक एक थोक विक्रेता की दुकान में वीरवार तड़के सेंध लगाकर लाखों की चोरी को अंजाम दिया गया। चोर लोहे की रॉड से दुकान का शटर तोड़ दुकान में घुसे, और लगभग पांच लाख रुपये का सामान तीन बोरों में भरकर फरार हो गए।
सुबह दुकान के मालिक को इसका पता चला तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस दौरान जब उन्होंने दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पाया कि चोरी की सारी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि, अब तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
दुकान के मालिक कस्तूरी लाल गुप्ता ने कहा कि वह सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो पाया कि दुकान के दोनों शटर और ताले टूटे हुए हैं। जब शटर उठाकर देखा तो दुकान का गल्ला खाली था, और बहुत सामान भी गायब था। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस दौरान दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज से उन्हें चोरों की गतिविधियां पता चलीं।
कैमरे में रिकॉर्ड घटना के मुताबिक सामने की सड़क से मास्क पहने दो चोर सुबह सवा चार बजे दुकान के पास आते हैं। उनमें से एक ने रॉड से दुकान का शटर व ताला तोड़ा और अंदर से महंगे सिगरेट व अन्य चीजों को तीन बोरियों में भरकर ले गए। साथ ही गल्ले में रखी करीब पांच सौ रुपये की नकदी भी उड़ा ली।
उन्होंने कहा कि चोरों ने वारदात के लिए नया तरीका अपनाया है। पहले वे रात के समय चोरी को अंजाम देते थे। लेकिन, इस बार सुबह तड़के चोरों ने बेहद शातिर तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया है। लेकिन, कैमरे में चोरों सहित पूरी वारदात कैद हो गई है। उम्मीद है कि चोर जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। उन्होंने शिकायत दर्ज करवा दी है।
उधमपुर के धार रोड पर हुई चोरी की वारदात की जानकारी हासिल करते पुलिस अधिकारी व मौजूद लोग- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर के धार रोड पर हुई चोरी स्थल पर पडी लोहे की राड़ व टूटे ताले- फोटो : UDHAMPUR