उधमपुर। वार्ड 21 में कल्लर से महिला कॉलेज की तरफ जाने वाली सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर बडे़-बडे़ गड्ढे बने हुए हैं और तारकोल पूरी उखड़ चुकी है। साथ ही नालियां क्षतिग्रस्त होने से पानी लोगों के घरों की तरफ बहता रहता है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवा कर मरम्मत की मांग उठाई है, लेकिन आजतक कोई कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के बाद सड़क स्थिति और भी बिगड़ जाती है। इससे राहगीरों सहित वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि डेढ़ साल पहले देविका परियोजना के तहत सीवरेज कार्य के चलते सड़क को उखाड़ा गया था, लेकिन आजतक इसकी मरम्मत नहीं की गई है। इस वजह से क्षेत्रवासियों के अलावा कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों व अन्य लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए जिला प्रशासन से अपील है कि जल्द सड़क की मरम्मत करवा कर लोगों राहत प्रदान की जाए।