धर्मनगरी
में दो महीने तक कड़ी मंदी की मार झेलने के बाद व्यवसायियों ने थोड़ी राहत
की सांस ली है। माता के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या वृद्धि
के संकेत मिलने लगे हैं।
जहां पिछले सप्ताह औसतन हर रोज दस से बारह हजार के
करीब यात्री ही दर्शन को आ रहे थे, वहीं पिछले चार दिनों में यह आंकड़ा
अठारह हजार को पार कर रहा है। दिसंबर के आखिरी दो दिनों में यह आंकड़ा
चालिस हजार तक पहुंचने का अनुमान है।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के
अनुसार रविवार देर शाम तक अठारह हजार भक्तों का पंजीकरण हो चुका था। जबकि
कक्ष के बंद होने को अभी समय शेष था। इससे पहले शनिवार को 19520 और
शुक्रवार को 18800 श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन किया
था।
वीरवार को भक्तों की संख्या 17132 रही थी। कक्ष से मिली जानकारी के
अनुसार पिछले हफ्ते यात्रियों की औसतन संख्या दस से बारह हजार ही रही थी।
यही कारण था कि उन दिनों प्राकृतिक गुफा को भी दर्शन के लिए खुला रखा जा
रहा था।
गौरतलब है कि हर वर्ष दिसंबर महीने के आखिरी दिनों में यात्रा
में भारी उछाल रहता है तथा इस बार भी यात्रा में वृद्धि होने के संकेत
मिलने लगे हैं। यात्रा में इस वृद्धि से यहां के व्यवसायियों ने भी राहत की
सांस ली है।
वहीं भवन के लिए निर्धारित बुकिंग कक्ष से मिली जानकारी
अनुसार के 31 दिसंबर के लिए वहां पर कमरों की बुकिंग एडवांस में हो चुकी
है, जिससे अनुमान लगाया जा सकता है नए वर्ष से पहले यहां पर भक्तों का
तांता लगा होगा।