केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान मामलों में अब काफी गिरावट आई है। इसका असर माता वैष्णो देवी की यात्रा पर भी दिखने लगा है। रविवार शाम सात बजे तक करीब दस हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वहीं, धर्मनगरी, यात्रा मार्ग और भवन मां वैष्णो के जयकारों से गूंज रहा है।
जानकारी के अनुसार कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद पाबंदियों में छूट के साथ ही मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या में जुलाई माह में उछाल देखने को मिल रहा हैं। रोजाना दस से बारह हजार भक्त मां की पवित्र प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को जहां 23 हजार भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। रविवार शाम सात बजे तक करीब दस हजार पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।