उधमपुर। कश्मीर में लगातार बढ़ रहे आतंकी हमलों के विरोध में हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने शुक्रवार शाम को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि आतंकवादी संगठनों का समर्थन करने वालों का पता लगा कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कोई दोबारा आतंकी हमला करने की हिम्मत न करे।
शाम को साढ़े पांच बजे हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने धार रोड पर आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं और मासूम अल्पसंख्यकों को मारा जा रहा है। यह सब साजिश के तहत किया जा रहा है और इसमें आतंकवादियों को स्थानीय लोग भी सहयोग कर रहे हैं। बिना सहयोग से आतंकी हमले नहीं कर सकते हैं। इसलिए उनकी केंद्र सरकार से अपील है कि आतंकवाद का समर्थन करने वालों का पता लगा कर सबको पकड़ा जाए और सख्त सजा दी जाए। साथ ही आतंकवादियों को भी बख्शा नहीं जाए, ताकि कोई दोबारा ऐसी हिम्मत न करे। इस मौके पर प्रांत विधी प्रमुख अनिल खजूरिया, नगर थाना प्रमुख आदित्य वर्मा, जिला उपाध्यक्ष गोत्तम शर्मा, नगर थाना महामंत्री संदीप रैना, मीडिया सचिव आशीष वर्मा और जिला मीडिया सचिव विनय शर्मा मौजूद रहे।