उधमपुर। कश्मीर में लगातार अल्पसंख्यकों पर किए जा रहे आतंकी हमलों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शहर के इंदिरा चौक पर बाजू में काली पट्टियां बांध केंद्र सरकार व गृहमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नेताओं ने कहा कि कश्मीर में एक के बाद एक अल्पसंख्यकों की आतंकी हमला कर हत्या कर रहे हैं और सरकार की तरफ से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सुमित मगोत्रा ने कहा कि मंगलवार को कश्मीर में आतंकियों ने एक के बाद एक तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी, जिसमें एक बिहार का रहने वाला था। जबकि कई वर्षों से फार्मेसी की दुकान चलाने वाले मक्खन लाल बिंदरू था। इस घटना के दो दिन के बाद सरकारी स्कूल में एक सिख प्रिंसिपल और एक शिक्षक की हत्या कर दी गई। इन घटनाओं ने एक बार फिर से 1990 की याद दिला दी और लोगों में एक डर का माहौल बन चुका है।
कश्मीर में लगातार अल्पसंख्यकों की हत्या की जा रही है, लेकिन गृह मंत्रालय व केंद्र सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि सेना व अन्य सुरक्षाबलों को पूरी छूट दी जाए, ताकि वह पीओके में घुसकर आतंकियों का सफाया कर सकें। इस मौके पर कांग्रेस नेता बृजमोहन शर्मा, विजय मन्हास, चंद्र केरनी, मोहनलाल कलसोत्रा, राजेश खजूरिया राजेश गुप्ता, राजिंद्र जम्वाल, विकास, जीवन व अन्य मौजूद रहे।