खराब राशन की सप्लाई आने पर भड़के चिनैनी तहसील अंतर्गत पड़ने वाले सियुना गांव के लोगों ने जिला विकास आयुक्त कार्यालय के बाहर टीएसओ उधमपुर और टीएसओ चिनैनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जीवन दत्त ने कहा कि पहले तो राशन ही नहीं मिल रहा था।
जब राशन डिपो तक पहुंचा है ऐसा राशन है कि उसे जानवर भी खाने से इनकार कर दे। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं। पहले लोगों को नये सिरे से राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसमें कई राशन कार्ड धारकों के नाम गलत होने और कई लोगों के फार्म गुम होने के कारण उन्हें राशन डिपो से राशन लेने में परेशानी उठानी पड़ रही हैं।
कई बार धरने प्रदर्शन करने के बाद राशन डिपो में राशन मुहैया करवाया गया था, लेकिन वह राशन खाने के काबिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि घटिया किस्म का राशन लोगों में वितरित कर विभाग लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसे लोग कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इतने दिनों बाद राशन डिपो पर खराब राशन आने के बाद लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष है। इस कारण लोगों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि इस बात की जानकारी जिला विकास आयुक्त को भी होनी चाहिए की लोगों को किस किस्म का राशन मुहैया करवाया जा रहा हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर खराब राशन की जगह जल्द ही अच्छा राशन लोगों को मुहैया नहीं करवाया गया तो वह उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।