उधमपुर। कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासनिक हेल्थ कार्ड योजना का निरीक्षण करने के लिए डीसी इंदु कंवल चिब मंगलवार सुबह बाजार का दौरान किया। इस दौरान कई दुकानदारों के हेल्थ कार्ड की जांच की, जिसमें उन्होंने पाया कि कई दुकानदारों और उनके कर्मचारियों ने अभी तक कार्ड नहीं बनाए हैं। उन्होंने तुरंत दुकानदार और कर्मचारियों को दो दिन के अंदर हेल्थ कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
करीब दो माह पहले जिला प्रशासन ने हेल्थ कार्ड योजना शुरू की थी। इसके तहत जिले में सभी दुकानदारों, यात्री वाहनों के चालकों, कंडक्टर और रेहड़ी-फड़ी वालों के हर माह आरटीपीसी टेस्ट किए जाएंगे और इनका रिकार्ड हेल्थ कार्ड मेें दर्ज किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि दुकानदार और उनके कर्मचारियों ने हर माह कोरोना टेस्ट करवाया है। इससे संक्रमण की सही जानकारी मिलेगी। इसी को लेकर डीसी ने सुबह साढ़े दस बजे बाजार का दौरान किया।
उन्होंने सलाथिया चौक, कोर्ट रोड, मुखर्जी बाजार, रामनगर चौक आदि इलाकों में हेल्थ कार्ड की जांच की। जांच के दौरान पाया कि कई दुकानदारों ने अभी तक हेल्थ कार्ड नहीं बनाए हैं। साथ ही निजी क्लीनिक चलाने वाले डाक्टरों व उनके कर्मचारियों ने भी अभी तक हेल्थ कार्ड नहीं बनाए हैं। डीसी ने डॉक्टर, दुकानदार और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दो दिन के अंदर हेल्थ कार्ड बनाकर दुकान व क्लीनिक के बाहर लगाया जाए। ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। डीसी ने कहा कि प्रशासन जल्द टीमों का गठन करेगा, जोकि लगातार इस पर नजर रखेगा।