शेर ए कश्मीर अकादमी के दौरे पर पंहुचे गृह विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर गृह विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा ने वीरवार को शेर ए कश्मीर पुलिस अकादमी का दौरा किया। जहां एडीजीपी एंव अकादमी निदेशक डॉ. एसडी सिंह ने अपने अधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया और क्वार्टर गार्ड में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इस दौरान आयोजित तीन दिवसीय वर्टिकल इंटरेक्शन कोर्स के प्रतिभागियों के साथ बातचीत की। इस दौरान प्रधान सचिव ने तीन दशकों के लंबे संघर्ष में किए गए बलिदान के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस की प्रशंसा की। साथ ही कहा कि पुलिस की बुनियादी तत्व है लोगों का भरोसा है। भरोसा जीतकर ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जीती जा सकती है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से समर्पण और ईमानदारी के साथ काम करने का भी आह्वान किया। प्रशिक्षण मानकों में सुधार के लिए एसकेपीए में किए जा रहे विभिन्न अभिनव हस्तक्षेपों की भी सराहना की। आगे कहा कि पुलिस को सभी परिस्थितियों में आगे होकर सभी चुनौतियों का नेतृत्व करना होगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कर्तव्यों के सर्वोत्तम प्रदर्शन के बारे में सुझाव भी दिए। इसके अलावा उन्होंने अकादमी में अपने बुनियादी प्रशिक्षण से गुजर रहे प्रोबेशनर डिप्टी एसएसपी के साथ भी बात की। डॉ. एस.डी सिंह ने प्रमुख सचिव को कार्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस मौके पर डीडी (आउटडोर) एसएसपी वीके जम्वाल, एडी (प्रशिक्षण, आरएंडडी) डीएसपी सूरज सिंह व अन्य उपस्थित रहे।