चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरी पस्सी के कारण वीरवार को यात्रियों के साथ बराती भी परेशान दिखे। इस दौरान उन्होेंने वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल किया। लेकिन, उसके खस्ताहाल होने से उन्हें छोटे से सफर में घंटों व्यतीत करने पडे़। अन्य स्थानों पर फंसे यात्री हाईवे खुलने की राह देखते रहे।
बुधवार सुबह से ही समरोली के पास हाईवे बंद है, जिससे चिनैनी-उधमपुर का संपर्क टूट गया है। हालांकि, कई यात्रियों ने आपातकाल में वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल किया। समरोली के पास वीरवार को भी मशीनों से मार्ग खोलने का कार्य जारी था। इस दौरान बड़ी-बड़ी चट्टानों को तोड़ने के लिए धमाके भी किए गए। चिनैनी के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर की सराय व निजी स्कूलों के अलावा सुद्धमहादेव, मानतलाई, पटनीटॉप में पहले से रुके यात्री हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे।
वहीं, दूसरी ओर कई बराती भी इस मार्ग के बंद होने से परेशानी में दिखे। कुछ बरातियों ने सयुना मार्ग का इस्तेमाल किया। एसडीएम परवेज अहमद नायक ने बताया कि बुधवार को मौसम खुलने के बाद कई छोटे वाहन सयुना मार्ग से उधमपुर निकाल दिए गए थे, और कई यात्रियों को विभिन्न जगहों पर ठहराया गया था।