उधमपुर/रामबन। रामबन के विभिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही। राजमार्ग पर केवल छोटे वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान पहाड़ से पत्थर गिरने से 4 वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
शुक्रवार को पहाड़ से पत्थर गिरने पर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 13 घंटे बंद रहा था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे लिंक मार्ग तैयार कर वाहनों की आवाजाही शुरू की गई थी। पुलिस ने सबसे पहले रामबन में बीच में फंसे वाहनों को घाटी और जम्मू की तरफ जाने की अनुमति दी। शनिवार सुबह फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी ने डबल लेन मार्ग तैयार करने के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर काम शुरू किया।
इस काम के पूरा होने के बाद सुबह करीब नौ बजे सुचारू रूप से वाहन चलने लगे। लेकिन, तभी बारिश के बीच पंथयाल इलाके में पहाड़ से पत्थर गिरने लगे, जिनकी चपेट में आकर 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इन वाहनों के शीशे टूट गए। हालांकि, यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इसके बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग बंद हो गया। करीब एक घंटे के बाद मलबा हटा कर राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया। इसके बाद सुबह से शाम तक छोटे वाहन चलते रहे।
इस दौरान कई बार पहाड़ से पत्थर गिरे, और राजमार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर इनको हटा कर फिर से आवाजाही शुरू की गई। हालांकि, उधमपुर व रामबन में रोके गए बड़े वाहनों को दूसरे दिन भी आगे नहीं जाने दिया। उधमपुर में दूसरे दिन भी रोके गए ट्रकों की लंबी कतार लगी रही, और चालक आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे। चालकों को उम्मीद है कि रविवार को मौसम में सुधार होने के बाद आगे जाने की अनुमति दे दी जाएगी।