उधमपुर डीपीएल में एसएसपी डा. विनोद कुमार, पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम रिव्यू मीटिंग करते
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला पुलिस लाइन उधमपुर में एसएसपी डॉ. विनोद कुमार की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। इसमें आपराधिक मामलों की थानावार समीक्षा सहित कार्रवाई, महिलाओं के खिलाफ अपराध, नशा तस्करों, गोवंश तस्करों के खिलाफ कार्रवाई पर चर्चा की गई।
इसके अलावा बैठक में लापता व्यक्तियों, फरारों का पता लगाने, चोरी और सेंधमारी के मामलों को सुलझाने और अदालती प्रक्रियाओं के निष्पादन पर पुलिस स्टेशनों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अधिकारी ने अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला पुलिस के प्रयासों की सराहना की। एसएसपी ने सभी एसएचओ से संबंधित थानों के अपराध परिदृश्य का फीडबैक लिया।
एसडीपीओ ने मामलों के अधिकतम निपटान को सुनिश्चित करने में प्राप्त प्रगति सहित अपने उपमंडलों के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। एसएसपी ने जिले में ड्रग्स, अवैध शराब बिक्री और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस के प्रयासों की सराहना की। साथ ही सीसीटीएनएस पोर्टल पर काम और कोविड-19 रोकथाम के उपायों को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस के प्रयासों को सराहा।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को गुणवत्ता जांच एवं जन शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही इनके रिकॉर्ड निर्माण पर भी जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त एसपी अनवर उल हक, डीएसपी डीएआर शाहिद नहिम, एसडीपीओ चिनैनी अहमद शफी, डीएसपी मुख्यालय साहिल महाजन, एसडीपीओ रामनगर भीष्म दुबे और एसएचओ उधमपुर ने भाग लिया।
उधमपुर डीपीएल में एसएसपी डा. विनोद कुमार, पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम रिव्यू मीटिंग करते- फोटो : UDHAMPUR